सदाबहार अभिनेता देवानंद पंच तत्व में विलीन - Zee News हिंदी

सदाबहार अभिनेता देवानंद पंच तत्व में विलीन

लंदन : अपनी बेमिसाल अदाकारी से छह दशकों तक सिनेप्रेमियो के दिलों पर राज करने वाले सदाबहार अभिनेता देवानंद का आज हिन्दू रीतियों के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके कुछ यादगार गानों की धुनों के बीच लोगों ने नम आंखों से अपने इस चेहेते अभिनेता को आखिरी विदाई दी। उनका बीते 3 दिसंबर को 88 साल की उम्र में निधन हो गया था।

 

देवानंद के अंतिम संस्कार समारोह में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। इनमें उनके परिजनों के अलावा लॉर्ड मेघनाद देसाई और सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत रॉय प्रमुख थे। यहां के प्यूटनी वेल शवदाह गृह में हिंदू रीतियों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार समारोह में उनकी पत्नी कल्पना कार्तिक शामिल नहीं हो सकीं क्योंकि उनका उच्च रक्तचाप है। वह यहां के वाशिंगटन मेयर होटल में रहीं, जहां देवानंद ने अंतिम सांस ली थी। देवानंद के पुत्र सुनील और पुत्री देवीना के अलावा बहन बोनी सरीन भी इस मौके पर मौजूद थीं। लंदन में भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त राकेश प्रसाद और कई अन्य हस्तियां इस मौके पर मौजूद रहीं।

 

देवानंद का अंतिम संस्कार भले ही भारत में नहीं किया गया, लेकिन उनकी अस्थियां मुंबई लाई जाएंगी, जहां उन्होंने जिंदगी गुजारी। आगामी 15 दिसंबर को उनकी याद में मुंबई स्थित महबूब स्टूडियो में एक स्मृति सभा का आयोजन किया जा रहा है। अंतिम संस्कार के मौके पर देव साहब के कई लोकप्रिय गाने मसलन ‘अभी ना जाओ छोड़ के’ और ‘गाता रहे मेरा दिल’ की धुन बजाए गए। इस मौके पर उनके बेटे सुनील ने कहा, ‘मुझे सुकून मिला है कि वह भगवान के साथ हैं। देवानंद की भावना हमेशा जीवित रहेगी।’ (एजेंसी)


First Published: Saturday, December 10, 2011, 23:26

comments powered by Disqus