Last Updated: Saturday, February 25, 2012, 05:38
ज़ी न्यूज ब्यूरो मुंबई: सैफ अली खान मारपीट मामले में हर रोज नए बयान आ रहे हैं जिससे मामला पेचीदा होता जा रहा है। इस घटना के एक चश्मदीद ने दावा किया है कि सबसे पहले इस विवाद के होने पर इकबाल शर्मा को घूंसा सैफ ने मारा था।
इस बीच अदाकारा करीना कपूर ने सैफ का बचाव किया है और कहा है कि सैफ इस मामले में बेकसूर है और वह विवाद में कभी नहीं पड़ना चाहते हैं। करीना ने कहा कि सैफ को उकसाया गया था। सैफ एक जेंटलमैन हैं और वह कभी लडा़ई-झगड़े में नहीं पड़ते, खासतौर से तब जब उनके आसपास इतनी महिलाएं हों।
मुंबई के ताज महल पैलेस होटल में अभिनेता सैफ अली खान से हुए विवाद मामले में सलमान खान ने शुक्रवार को सैफ का पक्ष लिया। सलमान ने कहा कि कुछ दिखाए जाने से पहले मीडिया को सैफ का पक्ष भी सुनना चाहिए था।
सलमान से इस घटना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘घटना के बाद मीडिया केवल दूसरे पक्ष की बातों को रख रहा था। मीडिया ने सैफ का पक्ष सुनने की जहमत नहीं उठाई। हमें मामले में सैफ को अपना पक्ष रखने के लिए थोड़ी प्रतीक्षा करनी चाहिए थी।’
गौरतलब है कि सैफ अपने दोस्तों और महिला मित्रों के साथ बुधवार तड़के ताज महल पैलेस होटल के जापानी रेस्तरां में थे। इसी समय उनका भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीकी कारोबारी इकबाल शर्मा के साथ विवाद हो गया। शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सैफ और उनके दोस्तों ने उन्हें और उनके ससुर पर हमला किया। जबकि सैफ ने कहा कि उन्हें हमला करने के लिए उकसाया गया।
First Published: Saturday, February 25, 2012, 23:00