Last Updated: Tuesday, March 19, 2013, 20:01

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने रत्नागिरी जिले के खेड में हुयी बस दुर्घटना के पीड़ितों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
सरकार ने घायलों के लिये भी 50-50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की। इस दुर्घटना में 37 लोग मारे गये हैं।
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने विधानसभा में यह घोषणा की। लोक कल्याण विभाग मंत्री छगन भुजबल ने सदन को सूचित किया कि दुर्घटना के मृतकों की संख्या 37 और घायलों की संख्या 12 है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार चालक का बस पर नियंत्रण नहीं हो पाने के कारण यह दुर्घटना हुई।’’ महाराष्ट्र के राज्यपाल के. शंकरनारायणन ने दुर्घटना के मृतकों के प्रति गहरा शोक जताया। उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘‘मुझे आज सुबह खेड के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में लोगों के मारे जाने के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस दुर्घटना में अपने करीबी एवं प्यारे लोगों को खोने वालों के प्रति हृदय से दुख व्यक्त करता हूं।’’ (एजेंसी)
First Published: Tuesday, March 19, 2013, 20:01