Last Updated: Sunday, July 15, 2012, 14:56
लंदन : किशोर लड़कियों के लिए गर्भ निरोधक गोलियां लेना खतरनाक है। जीवन में आगे चलकर वे उच्च रक्तचाप की शिकार हो सकती हैं। डेली मेल के अनुसार, यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि जो किशोर लड़कियां कई महीनों से गर्भ निरोधक गोलियों का इस्तेमाल कर रही थीं, उनमें अन्य लड़कियों के मुकाबले रक्तचाप का स्तर अधिक था।
अध्ययन में शामिल 17 साल तक की किशोर लड़कियों से उनके वजन, आहार, शराब के सेवन और धूम्रपान की आदत से संबंधित सवाल पूछे गए। उनसे ये भी पूछा गया कि क्या वे गर्भ निरोधक गोलियों का इस्तेमाल कर रही हैं। इसमें सामने आए आंकड़ों में गोलियों का इस्तेमाल करने वाली लड़कियों का रक्तचाप अन्य लड़कियों से 3 एमएमए एचजी ज्यादा था।
डॉ. ची ले हा की अध्ययन रिपोर्ट ‘यूरोपियन जर्नल ऑफ प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी’ में प्रकाशित हुई है। इसमें कहा गया है कि गर्भ निरोधक गोलियों का इस्तेमाल करने वाली लड़कियों को नियमित तौर पर रक्तचाप की जांच कराए जाने की सलाह दी जानी चाहिए। यद्यपि उनका रक्तचाप अभी स्वास्थ्य मानक के दायरे में था, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई अनुसंधानकर्ताओं की चिंता है कि आगे चलकर लड़कियों के बड़े होने पर यह और बढ़ सकता है। इस कारण उन्हें दिल के दौरे और मस्तिष्काघात की आशंका है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 15, 2012, 14:56