नई दिल्ली : बीजिंग ओलंपिक में भाग लेने वाले भारत के एकमात्र पुरूष तीरंदाज मंगल सिंह चंपिया भले ही चार साल पूर्व कोई पदक हासिल करने से चूक गये हों लेकिन उनका मानना है कि लंदन ओलंपिक में भारतीय तीरंदाज निराश नहीं करेंगे। चंपिया कड़ी मेहनत के बावजूद लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाये लेकिन उनका कहना है कि उभरती तीरंदाज दीपिका कुमारी इस समय पूरे फार्म में हैं और पूरी संभावना है कि दीपिका की बदौलत महिला वर्ग में भारत कोई न कोई तमगा जरूर हासिल करेगा।
हालांकि उन्होंने कहा कि शानदार तालमेल वाली भारतीय पुरूष तीरंदाजों जयंत तालुकदार, राहुल बनर्जी और तरूणदीप राय की टीम को कम नहीं आंका जा सकता है और उन्होंने लंदन ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है।
जमशेदपुर के अजरुन पुरस्कार विजेता चंपिया ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि लंदन ओलंपिक में (तीरंदाजी की स्पर्धाओं में) कोई न कोई पदक आएगा क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छी फार्म में हैं। लड़कियों ने विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था और लग रहा है कि वे ओलंपिक में भी कमाल करके दिखाएंगी। बीजिंग ओलंपिक 2008 में भारतीय पुरूष वर्ग में केवल चंपिया क्वालीफाई कर पाये थे लेकिन उनकी चुनौती दूसरे दौर में समाप्त हो गई थी।
इस बार पुरूष वर्ग में जयंत, राहुल और तरूणदीप जबकि महिला वर्ग में दीपिका कुमारी, एल बोम्बालया देवी और चेकरोवोलु स्वुरो ने क्वालीफाई किया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 13, 2012, 14:29
|