लंदन : कृत्रिम पैरों से दौड़ने वाले एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस को बुधवार को 2012 लंदन खेलों के लिए दक्षिण अफ्रीका की चार गुणा 400 मी रिले टीम में शामिल किया गया। इससे वह ओलंपिक में भाग लेने वाले पहले ऐसे एथलीट होंगे जो कृत्रिम पैर की मदद से इन खेलों में भाग लेगा।
पांच दिन पहले यह 25 वर्षीय बेनिन में अफ्रीकन चैम्पियनशिप में की 400 मी रेस में क्वालीफाइंग मार्क 45.30 सेकेंड से 0.22 पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहा था। इसके पांच दिन बाद उन्हें टीम में चुना गया है। पिस्टोरियस ने पिछले मार्च में प्रिटोरिया में हुए प्रतियोगिता में 45.20 सेकेंड का समय लिया था लेकिन वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की उपलब्धि को नहीं दोहरा सके थे जो दक्षिण अफ्रीकी टीम के चयन के लिए अनिवार्य है।
ब्लेड रनर और बिना पैर के सबसे तेज धावक पिस्टोरियस दक्षिण अफ्रीका की उस चार गुणा 400 मी रिले टीम का हिस्सा थे जिसने दक्षिण कोरिया में 2011 विश्व चैम्पियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया था लेकिन वह फाइनल में नहीं दौड़ पाए थे। ऐसी भी शंका जताई जा रही थी कि दक्षिण अफ्रीका रिले टीम नहीं भेजेगा क्योंकि कोई भी एथलीट 400 मी के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया था और विश्व चैम्पियनशिप की रजत पदकधारी टीम खराब फार्म और चोटों से जूझ रही है। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 6, 2012, 17:36
|