ज़ी न्यूज खेल ब्यूरो लंदन : खेलों के महाकुंभ ओलंपिक के लिए लंदन पहुंचे भारतीय टीम की उम्मीदें एक-एक कर टूटने के बाद अब दो दिन शेष रहने पर देश को एक अदद स्वर्ण पदक के लिए सारी उम्मीदें दो पहलवानों सुशील कुमार और योगेश्वर दत्त पर आ टिकी हैं। केवल तीन स्पर्धाओं में ही स्वर्ण के लिए देश की दावेदारी बची है। कुश्ती से देश को बड़ी उम्मीदें हैं लेकिन पांच में से तीन पहलवानों की स्वर्ण या रजत की उम्मीदें खत्म हो जाने से अब सारी उम्मीदें सुशील और योगेश्वर पर आ टिकी हैं।
पूर्व विश्व चैंपियन सुशील कुमार रविवार को अपनी चुनौती पेश करेंगे जबकि राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में अब तक कुल चार स्वर्ण पदक अपने नाम रखने वाले योगेश्वर का मुकाबला आज (शनिवार) होना है। हालांकि आखिरी दिन मैराथन में भारतीय धावक राम सिंह को भी उतरना है लेकिन उनसे स्वर्ण की उम्मीदें कम ही हैं। महिला पहलवान गीता फोगाट और पुरुषों में महाराष्ट्र के नरसिंह यादव को खाली हाथ लौटना पड़ा है जबकि अमित कुमार को कांस्य की होड़ में रेपेचेज राउंड में भी हार मिली। लंदन ओलंपिक में अब तक देश के खाते में एकमात्र रजत और तीन कांस्य समेत कुल चार पदक आए हैं।
First Published: Saturday, August 11, 2012, 09:32
|