जापान का व्यापार घाटा रिकार्ड स्तर पर

जापान का व्यापार घाटा रिकार्ड स्तर पर

टोक्यो : जापान का व्यापार घाटा चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीने में रिकार्ड 40.6 अरब डालर पर पहुंच गया है। यह बताता है कि यूरोप में रिण संकट तथा चीन के साथ तनाव से जापान के निर्यात पर असर पड़ा है।

यहां आज जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2012-13 (अप्रैल से मार्च) के पहले छह महीने में जापान का व्यापार घाटा 40.6 अरब डालर (3,219 अरब येन) रहा। यह एक वर्ष पूर्व इसी अवधि के मुकाबले 90.1 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्रालय 1979 से व्यापार घाटा रिकार्ड कर रहा है और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में व्यापार घाटा अबतक का सर्वाधिक है।

अकेले सितंबर महीने में ही व्यापार घाटा 558.6 अरब येन रहा। यह लगातार तीसरा महीना है जब देश का व्यापार घाटा बढ़ा है। वित्त मंत्रालय ने शुरूआती रिपोर्ट में कहा है कि चीन में जापान के खिलाफ रैली तथा वहां जापानी उत्पादों के बहिष्कार से देश के निर्यात पर असर पड़ा है। इसके अलावा यूरोपीय रिण संकट से भी निर्यात कम हुआ है।

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में निर्यात पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले 2 प्रतिशत घटकर 32,160.3 अरब येन रहा। आलोच्य अवधि में आयात 2.6 प्रतिशत बढ़कर 35,379.3 अरब येन रहा। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 22, 2012, 14:19

comments powered by Disqus