पास्को प्रोजेक्ट: भूमि अधिग्रहण पर रोक, पुलिस हटाई गई

पास्को प्रोजेक्ट: भूमि अधिग्रहण पर रोक, पुलिस हटाई गई

पारादीप (ओड़िशा) : ओड़िशा के जगतसिंहपुर जिले में पास्को वृहद परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण आज चौथे दिन विरोध प्रदर्शन में स्कूली बच्चों और महिलाओं के शामिल होने के बाद रोक दिया गया तथा पुलिस बल को हटा लिया गया।

जिला कलेक्टर एसके मलिक ने कहा कि सरकार ने भूमि अधिग्रहण को एक दिन के लिए रोकने का निर्णय किया है। पुलिस बलों को हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम सहमत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह निर्णय प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत के बाद लिया। विरोध प्रदर्शन में स्कूली बच्चे और महिलाएं भी शामिल हो गईं जो पुलिस को हटाने की मांग कर रहे थे।

जिला कलेक्टर ने हालांकि कहा कि भूमि देने वालों को यदि अपनी जान को खतरा लगे तो पुलिस गोविंदपुर गांव में रह सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने एक सरकारी भूमि अधिग्रहण अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिसे लोगों की पिटाई करते और बच्चों का पीछा करते हुए कैमरे पर कैद किया गया है।

उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण दोबारा शुरू करने के बारे में कोई निर्णय करने से पहले वह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से सलाह मशविरा करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि पान के 14 बागानों का अधिग्रहण किया गया था जिसके लिए 26 लाख रुपये के मुआवजे का भुगतान किया गया। राज्य सरकार ने भूमि अधिग्रहण एक वर्ष तक निलंबित रखने के बाद गत रविवार को शुरू किया था। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 6, 2013, 18:08

comments powered by Disqus