रुपए की गिरावट से सहमा सेंसेक्स, बाजार हुआ धड़ाम

रुपए की गिरावट से सहमा सेंसेक्स, बाजार हुआ धड़ाम

रुपए की गिरावट से सहमा सेंसेक्स, बाजार हुआ धड़ाममुंबई: देश की मुद्रा रुपए में गिरावट के बीच शुक्रवार को दोपहर के कारोबार के दौरान शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखी गई। देश के शेयर बाजारों में शुक्रवार को भारी गिरावट देखी गई। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 769.41 अंकों की गिरावट के साथ 18,598.18 पर और निफ्टी 234.45 अंकों की गिरावट के साथ 5,507.85 पर बंद हुए।

दूसरी तरफ पिछले कुछ महीनों से डॉलर के मुकाबले लगातार फिसलता जा रहा रुपया शुक्रवार को नया ऐतिहासिक स्तर चूमते हुए 62 के स्तर से नीचे तक चला गया।

अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये ने डॉलर के मुकाबले नया ऐतिहासिक 62.03 का स्तर छू लिया। इससे पिछला निचला ऐतिहासिक स्तर छह अगस्त को 61.80 का था।

दोपहर 12.40 बजे रुपया 61.67 स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह बुधवार को 61.43 पर बंद हुआ था। अंतर-बैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गुरुवार को बंद था।


बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 70.48 अंकों की गिरावट के साथ 19,297.11 पर खुला और 769.41 अंकों या 3.97 फीसदी गिरावट के साथ 18,598.18 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 19,310.95 के ऊपरी और 18,559.65 के निचले स्तर को छुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 36.85 अंकों की गिरावट के साथ 5,705.45 पर खुला और 234.45 अंकों या 4.08 फीसदी गिरावट के साथ 5,507.85 पर बंद हुआ। दिन भर के कारोबार में निफ्टी ने 5,716.60 के ऊपरी और 5,496.05 के निचले स्तर को छुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में भी गिरावट देखी गई। मिडकैप 151.74 अंकों की गिरावट के साथ 5,439.05 पर और स्मॉलकैप 116.05 अंकों की गिरावट के साथ 5,269.44 पर बंद हुआ।

बीएसई के सभी 13 सेक्टरों में गिरावट रही। उपभोक्ता टिकाऊ वस्तु (8.38 फीसदी), रियल्टी (6.07 फीसदी), धातु (5.56 फीसदी), बैंकिंग (5.55 फीसदी) और पूंजीगत वस्ततु (4.98 फीसदी) में सर्वाधिक गिरावट रही। (एजेंसी)

First Published: Friday, August 16, 2013, 15:54

comments powered by Disqus