संयुक्त राष्ट्र पर भी आर्थिक मंदी की मार - Zee News हिंदी

संयुक्त राष्ट्र पर भी आर्थिक मंदी की मार

 

संयुक्त राष्ट्र : वैश्विक आर्थिक सुस्ती की मार से संयुक्त राष्ट्र भी नहीं बच पाया है। दुनियाभर के देशों की इस संस्था ने अपने खर्चों में कटौती करते हुए वर्ष 2012-13 के लिए अपने बजट में पांच प्रतिशत कटौती करते हुये 5.15 अरब डॉलर का बजट रखा है। पिछले 50 वर्षों में यह दूसरा मौका है जब संयुक्त राष्ट्र का बजट पिछले वर्ष के मुकाबले कम हुआ है। इससे पहले 1998 में ऐसा हुआ था।

 

देर रात हुए समझौते के बाद संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्यों ने बजट को मंजूरी दी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि नया बजट ऐसे समय आया है जब दुनिया भर की सरकारें और लोग संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में संगठन का नया बजट ‘कम धन में ज्यादा और बेहतर करने की’ उसकी प्रतिबद्धता को दिखाता है। उन्होंने कहा कि सभी बजट वर्ष कठिन रहे हैं। लेकिन यह वर्ष कुछ ज्यादा ही चुनौती भरा है। यह वैश्विक स्तर पर वित्तीय मितव्ययिता को अपनाने का समय है।

 

वर्ष 2010-11 के दौरान संयुक्त राष्ट्र का बजट 5.41 अरब डॉलर था। बान की मून ने वैश्विक आर्थिक सुस्ती के मद्देनजर अक्तूबर में 5.197 अरब डॉलर के बजट का प्रस्ताव दिया था जो कि 3.2 प्रतिशत कटौती को प्रतिबिंबित करता है।
मंजूर किए गए बजट में शांति मिशन पर होने वाला खर्च शामिल नहीं हैं।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 28, 2011, 18:54

comments powered by Disqus