सरकार ने सोने का शुल्क मूल्य घटाया

सरकार ने सोने का शुल्क मूल्य घटाया

सरकार ने सोने का शुल्क मूल्य घटायानई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम घटने पर सरकार ने शनिवार को सोने का आयात शुल्क मूल्य घटा कर 401 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी का आयात शुल्क मूल्य कम कर 604 डॉलर प्रति किलो कर दिये।

सोने का शुल्क मूल्य इससे पहले 421 डॉलर प्रति 10 ग्राम और चांदी का 606 डॉलर प्रति किलो था। सरकार समय समय पर अंतरराष्ट्रीय बाजार की घटबढ़ के अनुरूप दोनों कीमती धातुओं का आयात शुल्क मूल्य तय करती है। इस मूल्य पर ही आयात शुल्क लिया जाता है ताकि आयातकों द्वारा शुल्क भुगतान में गड़बड़ी को रोका जा सके।

सोना शुक्रवार को 1,150 रुपए गिरकर 23 महीने के न्यूनतम स्तर 25,650 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंचने के एक दिन बाद केंद्रीय उत्पाद एवं सीमाशुल्क बोर्ड (सीबीईसी) ने यह पहल की है।

भारत विश्व में सोने का सबसे बड़ा उपभोक्ता देश है और यहां 2012 में 860 करोड़ टन सोने का आयात हुआ। वर्ष 2013 के पहले तीन महीने में 215 टन सोने का आयात हुआ।

चालू तिमाही में सोने का आयात 350 टन रहने की उम्मीद है लेकिन अगली तिमाही में इसके घटकर 150 टन रह जाने का अनुमान है क्योंकि सरकार ने हाल ही में सोने पर आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर आठ प्रतिशत कर दिया।

सरकार ने कच्चे पॉम ऑयल पर शुल्क मूल्य बढ़ाकर 854 डॉलर प्रति टन कर दिया जो इससे पहले 852 डॉलर प्रति टन था। रिफाइंड पाम तेल का शुल्क मूल्य अपरिवर्तित रखा गया।

कच्चे पामोलीन, आरबीडी पामोलीन का शुल्क मूल्य बढ़कर क्रमश: 875 डॉलर और 878 डॉलर प्रति टन कर दिया। कच्चे सोयाबीन तेल का आधार मूल्य 1043 डॉलर प्रति टन से घटकर 1020 डॉलर प्रति टन कर दिया गया।

इस बीच सोना शनिवार को 780 रुपए सुधर कर 26,430 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 29, 2013, 21:07

comments powered by Disqus