1000 करोड़ के अंशदान से ‘निर्भया निधि’

1000 करोड़ के अंशदान से ‘निर्भया निधि’

नई दिल्ली : दिल्ली में चलती बस में पैरा मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार और बाद में उसकी मौत तथा इससे देश भर में उपजे जनाक्रोश के परिप्रेक्ष्य में सरकार ने गुरुवार को 1000 करोड रूपये के अंशदान से ‘निर्भया निधि’ बनाने का प्रस्ताव किया।

वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने लोकसभा में 2013-14 का आम बजट पेश करते हुए कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। हम लडकियों और महिलाओं को सशक्त और सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव कार्य कर रहे हैं। इसके लिए 1000 करोड रूपये के सरकारी अंशदान से निर्भया निधि बनाये जाने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि हाल में हुई घटनाओं ने हमारे उदार और प्रगतिशील विश्वासों पर एक अमिट काली छाया छोड़ी है। जैसे ही अधिक महिलाएं शिक्षा या कार्य अथवा फुर्सत के लिए सार्वजनिक स्थलों पर जाती हैं, उनके खिलाफ हिंसा की अधिक रिपोर्ट मिलती हैं। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए वचनबद्ध हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, February 28, 2013, 14:17

comments powered by Disqus