Last Updated: Tuesday, December 18, 2012, 18:13

वाशिंगटन : अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की अंतरिक्ष यात्रियों की अनिद्रा की परेशानी दूर करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) में एक नई प्रकाश प्रणाली लगाने की योजना है। नासा आईएसएस के अमेरिकी क्षेत्र में फ्लोरसेंट बल्बों के स्थान पर ऐसी प्रकाश प्रणाली लगाना चाहती है, जो दिनभर के समय के मुताबिक नीली, सफेद या लाल रोशनी दे। अंतरिक्ष केंद्र में ये नए बल्ब 2016 तक लगाए जाने की योजना है।
नासा के फ्लाइट सर्जन स्मिथ जॉनस्टन ने अंतरिक्ष के असामान्य वातावरण के सम्बंध में बताते हुए कहा कि स्टेशन पर बहुत शोर और कार्बन डाईऑक्साइड की उच्च सांद्रता है। आप वहां नहा नहीं सकते। वहां बहुत तनाव होता है क्योंकि आपको बहुत सा काम करना होता है। उन्होंने बताया कि इस तरह के वातावरण में कुछ यात्रियों को अनिद्रा की परेशानियां हो जाती हैं।
अंतरिक्ष एजेंसी नई प्रकाश प्रणाली पर 1.12 करोड़ डॉलर की राशि खर्च कर रही है। उम्मीद की जा रही है कि इससे अंतरिक्ष यात्रियों को मदद मिलेगी और उन्हें सोने के लिए नींद की गोलियां का इस्तेमाल कम करना पड़ेगा। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 18, 2012, 18:13