Last Updated: Friday, March 22, 2013, 20:32

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि असुरक्षित पानी, साफ सफाई की कमी से होने वाली डायरिया जैसी बामारियां दुनिया में हर रोज पांच वर्ष से कम उम्र के करीब 2,000 बच्चों की जान ले लेती हैं। इनमें से 24 प्रतिशत मौतें अकेले भारत में होती हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में रोज पांच वर्ष से कम उम्र के करीब 2,000 बच्चे डायरिया जैसी बीमारियों से मारे जाते हैं और इनमें से करीब 1,800 मौतें पानी, स्वच्छता और सफाई से जुड़ी हैं।
संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) के बाल मृत्यु के आंकड़े बताते हैं कि कुल मौतों में से करीब आधी मौतें सिर्फ पांच देशों-भारत, नाइजीरिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी), पाकिस्तान और चीन में होती हैं।
आंकड़ों के अनुसार भारत (24 प्रतिशत) और नाइजीरिया (11 प्रतिशत) को मिला दें तो पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की कुल मौतों की एक तिहाई के लिए दोनों देश जिम्मेदार हैं। इन दोनों देशों की बहुत बड़ी जनसंख्या सुरक्षित जल और साफ सफाई से वंचित है।
पूरी दुनिया में 78.3 करोड़ लोगों को सुरक्षित पेयजल नहीं मिलता। इनमें से 11.9 करोड़ चीन में, 9.7 करोड़ भारत में, 6.6 करोड़ नाइजीरिया में, 3.6 करोड़ कांगो में और 1.5 करोड़ पाकिस्तान में हैं।
इन देशों में स्वच्छता की हालत और खराब है। भारत में 81.4 करोड़ लोगों को, चीन में 47.7 करोड़ लोगों को, नाइजीरिया में 10.9 करोड़ लोगों को, पाकिस्तान में 9.1 करोड़ लोगों को और कांगो में पांच करोड़ लोगों को उचित स्वच्छ वातावरण नहीं मिलता। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 22, 2013, 20:32