Last Updated: Friday, August 31, 2012, 15:31

वाशिंगटन : भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में आठ घंटे 17 मिनट तक चहलकदमी पूरी कर ली है। यह उनकी पांचवी अंतरिक्ष चहलकदमी थी।
विलियम्स और जापानी अंतरिक्ष यात्री अकीहिको होशिदे गुरुवार को भारतीय समय के अनुसार शाम 5.46 बजे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) से बाहर आए और दोनों ने देर रात 2.03 बजे केंद्र में वापसी की।
ज्ञात हो की वर्ष 2001 में अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सजान हेम्स और जेम्स वोस ने अंतरिक्ष में आठ घंटे और 56 मिनट तक चहलकदमी की थी।
एक अधिकारी ने बताया कि हालांकि विलियम्स और हाशिदे एक खराब इकाई को हटाने और उसका नौभरण करने के बाद नया पॉवर डिस्ट्रीब्यूटर बदलने में असफल रहे। दोनों को उपकरणों को सुरक्षित करने के लिए उनमें बोल्ट लगाने में परेशानी हो रही थी।
इससे पहले सुनीता रूसी प्रयोगशाला मॉड्यूल के भविष्य के आगमन के लिए तैयार दो में से एक बिजली तार जोड़ने में सफल रही थीं। लेकिन तीसरा उद्देश्य रोबोटिक आर्म पर लगे कैमरे को बदलना पूरा नहीं हो सका।
अंतरिक्ष में गुरुवार की चहलकदमी विलियम्स के लिए पांचवीं और होशिदे के लिए पहली थी। होशिदे अंतरिक्ष में चहलकदमी करने वाले तीसरे जापानी अंतरिक्ष यात्री हैं। दोनों 16 जुलाई को रूसी सोयुज अंतरिक्ष यान के जरिए आईएसएस पहुंचे थे।
गुजरात निवासी भारतीय मूल के अमेरिकी पिता और स्लॉवेनियाई मां की संतान सुनीता के नाम महिला अंतरिक्ष यात्री के तौर पर तीन रिकार्ड हैं : सबसे लम्बी अंतरिक्ष उड़ान (195 दिन), अंतरिक्ष की गई चहलकदमी की संख्या (पांच) और वर्ष 2006 में अपनी पहली अंतरिक्ष यात्रा के दौरान अंतरिक्ष में चहलकदमी पर खर्च हुआ कुल समय (29 घंटे और 17 मिनट)।
कल्पना चावला के बाद नासा द्वारा किसी अंतरिक्ष मिशन के लिए चुनी गईं सुनीता भारतीय मूल की दूसरी महिला हैं और रोनाल्ड एम. सेगा के बाद स्लॉवेनियाई मूल की दूसरी अंतरिक्ष यात्री हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 31, 2012, 15:31