'अमेरिका में बसना चाहते 1 करोड़ भारतीय' - Zee News हिंदी

'अमेरिका में बसना चाहते 1 करोड़ भारतीय'


वाशिंगटन : दुनिया की करीब 13 प्रतिशत आबादी यानी 64 करोड़ लोग अपने देश को छोड़कर दूसरे देशों में बसना चाहते हैं। इनमें सर्वाधिक 15 करोड़ लोगों की पहली पसंद अमेरिका है। अमेरिका को अपना घर बनाने की चाह रखने वालों में करीब एक करोड़ भारतीय भी हैं।

 

इसका खुलासा गैलप के ताजा सर्वेक्षण से हुआ है। इसके अनुसार, पूरे विश्व में विदेशों में बसने की इच्छा रखने वालों में अमेरिका सबसे पसंदीदा स्थल है। जिन लोगों ने अमेरिका में बसने की इच्छा व्यक्त की है, उनमें से ज्यादातर चीन (2.2 करोड़), भारत (एक करोड़), ब्राजील (70 लाख), नाइजीरिया (15 लाख) और बांग्लादेश (80 लाख) से हैं।

 

सर्वेक्षण से यह भी खुलासा हुआ कि दुनिया में हर 30 में से एक व्यक्ति अमेरिका में बसना चाहता है। ब्रिटेन (4.5 करोड़), कनाडा (4.2 करोड़), फ्रांस (3.2 करोड़) और सउदी अरब (3.1 करोड़) भी बड़ी संख्या में लोगों की पसंद हैं। अमेरिका को अपना स्थाई निवास बनाने वालों में चीन, नाइजीरिया और भारत के लोगों की अधिक संख्या होने के बावजूद इन देशों की कुल आबादी के लिहाज से देखा जाए तो वहां अमेरिका बेहद प्रिय गंतव्य स्थल नहीं है। गैलप का कहना है कि दुनियाभर के लोगों में विदेश जाने की यह इच्छा अवसर की तलाश के कारण है। अवसर का अर्थ पहले से ही वहां रह रहे अपने परिवार के सदस्यों के साथ रहने, नया व्यवसाय शुरू करने, अपना विचार बिना किसी भय के व्यक्त करने या ऐसे स्थान पर रहने से है, जहां बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार होता हो।

 

गैलप के मुताबिक, विदेशों में बसने की इच्छा रखने वालों में अमेरिका के सबसे प्रिय गंतव्य स्थल होने की वजह यह है कि यहां अवसरों की कमी नहीं है। साथ ही ज्यादातर अमेरिकी प्रवासियों को आसानी से अपने समुदायों में स्वीकार कर लेते हैं। गैलप ने अपने इस सर्वेक्षण के लिए वर्ष 2009-2011 के दौरान 151 देशों में 4,52,199 लोगों से पूछताछ की। ये 151 देश दुनिया की 97 प्रतिशत से अधिक की आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 25, 2012, 21:19

comments powered by Disqus