`आर्थिक वजहों से बढ़ा भारत और चीन का प्रभाव`

`आर्थिक वजहों से बढ़ा भारत और चीन का प्रभाव`

वाशिंगटन : अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन का मानना है कि भारत, चीन और ब्राजील जैसे देशों का वैश्विक स्तर पर प्रभाव उनकी आर्थिक प्रगति की वजह से बढ़ा है न कि सैन्य ताकत से।

अखबार ‘न्यू स्टेट्समैन’ में कल प्रकाशित लेख में हिलेरी ने लिखा है, हमारा मानना है कि चीन, भारत और ब्राजील जैसे देशों का प्रभाव सैन्य बल की वजह से नहीं बल्कि उनकी आर्थिक वृद्धि की वजह से बढ़ा है। उन्होंने लिखा है, और हम लोगों ने सीखा है कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा आज केवल राजनयिक समझौतों और युद्ध क्षेत्र के संबंध में लिए गए निर्णयों पर नहीं टिकी है बल्कि इसपर वित्तीय बाजारों का भी प्रभाव है। इसलिए अमेरिका विदेशों में अपनी रणनीतिक स्थिति मजबूत करने के लिए वैश्विक अर्थशास्त्र के उपकरणों को और अधिक प्रभावशाली ढंग से इस्तेमाल करने को प्राथमिकता दे रहा है।

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, हम घरेलू अर्थव्यवस्था को भी आर्थिक शासनकला और रोजगार कूटनीति के जरिये सशक्त बनाने पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। क्लिंटन ने कहा कि प्रभाव डालने वाले नए क्षेत्रीय और वैश्विक केंद्रों का तेजी से उदय हो रहा है। सिर्फ भारत और चीन ही नहीं बल्कि तुर्की, मैक्सिको, ब्राजील, इंडोनेशिया और दक्षिण अफ्रीका और रुस जैसे देश भी हैं।

उन्होंने लिखा है कि इनमें से कुछ देशों में लोकतंत्र है और उनके बहुत सारे मूल्य हमारे जैसे हैं। वहीं अन्य देशों में बिल्कुल दूसरे तरह की राजनीतिक प्रणाली और परिप्रेक्ष्य हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, July 19, 2012, 16:23

comments powered by Disqus