Last Updated: Friday, June 21, 2013, 00:11

लंदन : गर्भधारण करने के बाद से सुखिर्यों में बनीं ब्रिटिश राज घराने की बहू केट मिडलेटन ने अपनी पहली संतान को जन्म देने के लिए आपरेशन की बजाय सामान्य प्रसव का विकल्प चुना है।
महल के सूत्रों का कहना है कि 31 साल की केट का इरादा सामान्य तरीके से ही संतान को जन्म देने का है। प्रसव पीड़ा तथा कुछ दूसरी जटिलताओं से बचने के लिए कई बार महिलाएं आपरेशन (सीजेरियन) का सहारा लेती हैं। केट का इरादा यह भी है कि वह पैडिंगटन स्थित सेंट मैरी अस्पताल में ही अपनी पहली संतान को जन्म दें। इसी अस्पताल में उनकी सास राजकुमारी डायना (दिवंगत) ने विलियम और हैरी को जन्म दिया था। इस अस्पताल में विश्व स्तर की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह अस्पताल बच्चे के जन्म के बाद के जश्न की सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। अस्पताल ने अपनी वेबसाइट पर जानकारी दी कि हम अपने यहां अलग अलग तरह की शराब भी मुहैया कराते हैं। बच्चे के जन्म के बाद आप शैंपेन और टोस्ट का लुत्फ उठा सकते हैं। शाही परिवार में इस नए मेहमान के आने पर पूरी मीडिया की नजरें होंगी। केट के बच्चे के जन्म के लिए मध्य जुलाई का समय बताया गया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 21, 2013, 00:11