Last Updated: Sunday, November 18, 2012, 10:22
संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि पूर्वी कांगो में विद्रोहियों ने गोमा के निकट एक नए शहर पर कब्जा जमा लिया है। संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षक प्रवक्ता ने कहा कि उत्तरी गोमा से 25 किलोमीटर दूर किबूम्बा पर विद्रोही एम 23 समूह ने कब्जा कर लिया है। विद्रोहियों से लड़ने में संयुक्त राष्ट्र का एक जंगी हेलिकॉप्टर भी सरकारी सेना की मदद कर रहा है।
किबूम्बा के बारे में यह खबरें ऐसे समय में आयी है जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने फ्रांस की मांग पर इस खनिज संपन्न क्षेत्र पर एम23 के कब्जे के मुद्दे पर बैठक की। संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों का कहना है कि इन विद्रोहियों को पड़ोसी देश रवांडा और युगांडा की ओर से मदद मिल रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र नेता बान की मून ने कल रवांडा के राष्ट्रपति से बातचीत की और एम 23 विद्रोहियों को मदद रोकने की अपील की। हालांकि, रवांडा अपनी भूमिका से इंकार करता है। उन्होंने बताया कि कांगो सेना और संयुक्त राष्ट्र मिशन के शांति रक्षक ‘एमओएनयूएससीओ’ विद्रोहियों को गोमा से किबाती की ओर बढ़ने से रोकने के प्रयास में जुटे
हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 18, 2012, 10:22