Last Updated: Tuesday, February 21, 2012, 15:23
रोम : इटली ने भारतीय मछुआरों की हत्या करने वाले दो इतालवी सैनिकों को लेकर खड़े हुए विवाद पर बातचीत के लिए अपने एक वरिष्ठ राजनयिक को भारत भेजा है और अगले सप्ताह यहां के विदेश मंत्री भी नई दिल्ली जाएंगे।
इतालवी विदेश मंत्रालाय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि उप विदेश मंत्री स्ताफन दी मिसतुरा ने भारत के साथ राजनीतिक स्तर पर बातचीत रखेंगे।
बयान में कहा गया है कि विदेश मंत्री गिउलियो तेरजी मंगलवार को भारत का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय पुलिस ने बीते रविवार को दो इतालवी सैनिकों के खिलाफ ‘बलपूर्वक’ और ‘एकतरफा’ कार्रवाई की।
इटली के दो सैनिक मासिमिलिआनो लातोरे और सालवातोरे गिरोने सैन मारको मरीन रेजीमेंट के जवान हैं। ये लोग समुद्री लूट के खिलाफ तैनात पोत पर सवार थे और इन्होंने गोलीबारी के भारत के दो मछुआरों की हत्या कर दी।
उधर, इटली के विदेश मंत्री गुलियो तेरजी ने कहा है कि भारतीय अधिकारी, दो मछुआरों की हत्या के सिलसिले में इटली के दो सुरक्षा अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर भावनाएं भड़का रहे हैं। समाचार एजेंसी एकेआई के अनुसार तेरजी ने सोमवार को कहा कि भारतीय अधिकारी भावनाएं और स्थानीय राजनीति भड़का रहे हैं। ज्ञात हो कि इटली के सुरक्षा कर्मियों ने 15 फरवरी को केरल से लगे समुद्र में मछली पकड़ने वाली एक नौका पर गोलीबारी की, जिसमें दो मछुआरों की मौत हो गई। सुरक्षा कर्मियों ने कहा कि उन्होंने समुद्री डाकू समझकर मछुआरों पर गोली चलाई थी।
मैसिमिलियानो लैटोरे और सैल्वेटोरे जिरोने गोलीबारी के लिए जिम्मेदार हैं और उन्हें रविवार को पोत से उतार लिया गया तथा हिरासत में ले लिया गया।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 21, 2012, 20:53