Last Updated: Saturday, August 17, 2013, 23:43
बीजिंग : उत्तर पूर्वी चीन में पिछले एक हफ्ते से जारी भारी वर्षा के चलते बाढ़ और भूस्खलन में सैकड़ों लोग की मौत हो गई है और हजारों अन्य प्रभावित हुए हैं।
संवाद समिति शिन्हुआ ने बताया कि उत्तर पूर्व चीन इस गर्मी के मौसम में भीषण बाढ़ की चपेट में आया है। जिलिन प्रांत में 14 लोग उस समय मारे गए जब हुआदियान स्थित होंगशी टाउनशिप बाढ़ की चपेट में आ गई।
70 परिवारों के करीब 200 निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रांत के सिविल विभाग ने कहा कि 8.90 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 35 हजार घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे 2.4 अरब युआन का सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान हुआ है।
पड़ोसी हेइलांगजियांग प्रांत में कल बाढ़ संबंधी घटनाओं में 11 मौतें होने की खबर है। गत 10 अगस्त से शुरू हुई बाढ़ में तीन लोग लापता हैं। प्रांत में तीन प्रमुख नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच चुका है।
हेइलांगजियांग में करीब 20 लाख लोग प्रभावित हैं जबकि 140000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 17, 2013, 23:43