Last Updated: Friday, July 6, 2012, 13:16

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने सभी देशों की सरकारों से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि सच्चे लोकतंत्र व सतत विकास के लिए स्वतंत्र मीडिया बहुत महत्वपूर्ण है।
संयुक्त राष्ट्र अधिकारियों ने यहां बताया कि मास्को में गुरुवार को शुरू हुए दूसरे विश्व मीडिया शिखर सम्मेलन में दिए एक वीडियो संदेश के दौरान बान ने यह बात कही। उन्होंने कहा, `पत्रकार न केवल संघर्षपूर्ण स्थलों पर असुरक्षित होते हैं बल्कि जब वे सरकारों, पुलिस और व्यापार क्षेत्र या मादक पदार्थों या हथियारों के माफियाओं की खबरें देते हुए भी खतरे में रहते हैं।` यह बहुत डरावनी स्थिति है।`
उन्होंने सभी देशों की सरकारों से कहा कि वे पत्रकारों को सुरक्षा देने, उन्हें दंड से छुटकारा दिलाने व न्याय हासिल करने में मदद के लिए हर सम्भव उपाय करें। उन्होंने कहा, `यह पत्रकारों की सुरक्षा पर संयुक्त राष्ट्र की कार्य योजना का लक्ष्य है। सुरक्षा परिषद प्रस्ताव, 1738 भी कार्रवाई की बात करता है।`
बान ने कहा कि बीते करीब 10 सालों में 500 से ज्यादा पत्रकारों ने अपना जीवन खो दिया है। इस साल ही कुल 66 पत्रकार मारे गए जबकि अनगिनत को हिरासत में लिया गया। उन्हें डरा-धमकाकर या सेंसरशिप के जरिए खामोश करने के प्रयास किए गए। उन्होंने कहा, `अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता आधारभूत मानवाधिकार है और यह संयुक्त राष्ट्र का मुख्य मिशन है।` पहला विश्व मीडिया शिखर सम्मेलन अक्टूबर 2009 में आयोजित हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 6, 2012, 13:16