Last Updated: Wednesday, August 15, 2012, 17:22
इस्लामाबाद : पाकिस्तान ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मंगलवार को सद्भावना के तौर पर बंदरगाह शहर कराची की जेल में बंद 55 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया। सूत्रों ने बताया कि मछुआरों को कराची में लांधी जेल से रिहा किया गया। उन्होंने वाघा सीमा के रास्ते कल भारत प्रत्यार्पित करने के लिए लाहौर भेजा जाएगा। अधिकतर मछुआरे गुजरात से हैं।
सरकारी रेडियो पाकिस्तान ने बताया है कि सरकार ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सद्भावना के तौर पर यह कदम उठाया है। पाकिस्तान ने जून में 14 किशोरों समेत 315 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था। 80 से अधिक भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं जबकि करीब 120 पाकिस्तानी मछुआरे भारतीय जेलों में हैं।
पिछले साल द्विपक्षीय शांति वार्ता प्रक्रिया के फिर से बहाल होने के बाद दोनों देशों ने कैदियों को रिहा करने के अपने प्रयासों में तेजी लाई है। मुंबई हमलों के बाद दोनों देशों के बीच शांति वार्ता काफी समय तक ठप पड़ी रही थी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 15, 2012, 17:22