Last Updated: Wednesday, July 25, 2012, 20:45
लंदन : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हमेशा भोजन करने से पहले पेशेवर लोगों द्वारा व्यंजन का परीक्षण कराते हैं क्योंकि उन्हें उन्माद की हद तक यह विश्वास है कि उन्हें भोजन में जहर दिया जा सकता है। रुसी राष्ट्रपति के पूर्व रसोइए ने यह रहस्योद्घाटन किया।
रसोइए गिल्स ब्रेगार्ड ने बताया कि पुतिन के लिए तैयार सभी व्यंजनों को चिकित्सा संस्थान द्वारा प्रशिक्षित पेशेवर लोगों द्वारा चखा जाता है ताकि यह मालूम चल सके कि भोजन उनके लिए सुरक्षित है या नहीं। ब्रेगार्ड दुनिया के शक्तिशाली महिला एवं पुरुषों के लिए भोजन पकाने वाले रसोइयों के संगठन के संस्थापक हैं।
समाचार पत्र `डेली मेल` ने ब्रेगार्ड के हवाले से बताया कि परीक्षणकर्ता अब सिर्फ क्रेमलिन में हैं जहां वे चिकित्सकों के साथ पुतिन के लिए तैयार प्रत्येक व्यंजनों को चखते हैं। पुतिन के पूर्व रसोइए ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति भी परीक्षण के बाद ही भोजन करना पसंद करते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति लंदन यात्रा के दौरान खुफिया संस्था एफबीआई के दो पूर्व अधिकारियों को अपने साथ रखते थे जो उनके भोजन का परीक्षण करते थे। ब्रेगार्ड ने विश्व के राष्ट्राध्यक्षों के पसंद एवं नापसंद के विषय में भी खुलासा किया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 25, 2012, 20:45