भूकंप से थर्राया ईरान और पाकिस्‍तान, 70 से ज्‍यादा लोगों की मौत -Major earthquake rocks North India, epicentre on Iran-Pak border

भूकंप से थर्राया ईरान और पाकिस्‍तान, 70 से ज्‍यादा लोगों की मौत

भूकंप से थर्राया ईरान और पाकिस्‍तान, 70 से ज्‍यादा लोगों की मौतज़ी मीडिया ब्‍यूरो/एजेंसी

दुबई/नई दिल्ली : ईरान, पाकिस्तान और इस पूरे क्षेत्र में मंगलवार को भूकंप का शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। ईरान के सरकारी चैनल का कहना है कि देश में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है। वहीं, पाकिस्तान में 34 लोगों की मौत हो गई है। ईरान में मौत की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। हालांकि, कुछ खबरों में कहा गया है कि ईरान में कम से कम 100 लोगों के मरने की आशंका है।

यूएस जियोलाजिकल सर्वे का कहना है कि भूकंप की तीव्रता 7.8 थी। भूकंप का केंद्र पाकिस्तान की सीमा से करीब 48 किलोमीटर दूर सरावान इलाके में था। उधर, उत्तर भारत और गुजरात में शाम 4.14 बजे भूकंप का झटका महसूस किया गया। कुछ घंटे के बाद असम, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा में दो हल्‍के महसूस किए गए। भूकंप से भारत में अब तक जानमाल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं है।

ईरान में मंगलवार को आए एक जबर्दस्त भूकंप में 40 लोग मारे गए। ईरान में इससे एक हफ्ते पहले बुशहर प्रांत में आए भूकंप में भी 32 लोग मारे गए थे और लगभग 850 लोग घायल हुए थे। बुशहर प्रांत में ही ईरान का परमाणु ऊर्जा संयंत्र है। रिक्टर पैमाने पर 7.5 तीव्रता के भूकंप के झटके ईरान के दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में महसूस किए गए। भूकंप का अधिकेंद्र सारवान शहर से 81 किलोमीटर उत्तर में था। अमेरिका के भौगिलिक सर्वेक्षण ने हालांकि रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.8 बताया। बताया जाता है कि 40 वर्षों के दरम्यान ईरान में इतना शक्तिशाली भूकंप नहीं आया था। ईरानी अधिकारियों ने इलाके में आपात स्थिति की घोषणा कर दी है।

उधर, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भूकंप के कारण इमारतें ढहने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई। सरकारी सेवा रेडियो पाकिस्तान ने खबर दी है कि बलूचिस्तान के खारान और पंजगूर में लोगों के मारे जाने की खबर है। मृतकों में आठ बच्चे और दो महिलाएं भी हैं। पाकिस्तान के खारान के मशकेल इलाका और पंजगूर जिले पर भूकंप का सबसे ज्यादा असर हुआ है। खबरों में कहा गया है कि इन इलाकों में सैकड़ों मकान ध्वस्त हो गए हैं। पंजगूर में अर्धसैनिक बल फ्रांटियर कॉर्प के बैरक भी ध्वस्त हुए हैं।

भूकंप के झटके पाकिस्तान और भारत में भी महसूस किए गए। बहरीन, कुवैत, ओमान और सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का आहट पाकर पाकिस्तान में लोग घरों और दफ्तरों से बाहर आ गए।

कराची, हैदराबाद और क्वेटा सहित पाकिस्तान के कई हिस्से में 7.9 तीव्रता वाले भूकंप का झटका महसूस किया गया। कराची में दो इमारतों के ढह जाने से कई लोग घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना ने प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया है। अर्धसैनिक बलों को भी इन इलाकों में रवाना किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा दलों को सेना के हेलीकॉप्टरों से ले जाया गया है। बलूचिस्तान के लिए तंबू और दवाओं को भेज दिया गया है। बलूचिस्तान के मुख्य सचिव बाबर याकूब फतेह मुहम्मद ने कहा कि हमें हताहतों के बारे में जानकारी मिली है।

First Published: Tuesday, April 16, 2013, 16:33

comments powered by Disqus