'मलाला दिवस के रूप में मनाया जाएगा 10 नवंबर'

'मलाला दिवस के रूप में मनाया जाएगा 10 नवंबर'

'मलाला दिवस के रूप में मनाया जाएगा 10 नवंबर'न्यूयार्क : संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की-मून ने कहा है कि दुनिया भर में 10 नवंबर मलाला दिवस के रूप में मनाया जाएगा। पाकिस्तान में लड़कियों की शिक्षा के अधिकार की लड़ाई लड़ने वाली 15 वर्षीया मलाला यूसुफजई पर तालिबान ने पिछले महीने हमला किया था।

समाचार पत्र ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक मून ने कहा कि मलाला दुनिया भर में लड़कियों की शिक्षा के लिए एक प्रेरणा है।

संयुक्त राष्ट्र में वैश्विक शिक्षा के विशेष दूत शुक्रवार को पाकिस्तान का दौरा करेंगे और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को 10 लाख लोगों द्वारा हस्ताक्षरित एक प्रार्थनापत्र सौंपेंगे। इस पत्र में पाकिस्तान में लड़कियों की भयमुक्त शिक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

उल्लेखनीय है कि बालिका शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के कारण नेशनल पीस अवार्ड विजेता मलाला यूसुफजई पर नौ अक्टूबर को तालिबान आतंकवादियों ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात घाटी में हमला किया था जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना में दो अन्य लड़कियां भी घायल हो गई थीं।

पेशावर में चिकित्सकों ने मलाला के सिर को छेदते हुए उसके कंधे में प्रवेश कर गई गोली निकाल दी थी। फिर उसे रावलपिंडी के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। बाद में उसे इलाज के लिए ब्रिटेन के क्वीन एलिजाबेथ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। दुनियाभर में इस हमले की कड़ी निंदा हुई थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, November 9, 2012, 17:02

comments powered by Disqus