Last Updated: Thursday, July 11, 2013, 13:05
सांता अना (कैलिफोर्निया) : कैलिफोर्निया स्थित आवास में एक घरेलू नौकरानी को कथित रूप से उसकी इच्छा के खिलाफ रखने को लेकर एक सउदी राजकुमारी के खिलाफ मानव तस्करी का मामला दर्ज किया गया है।
ऑरेंज काउंटी जिला अॅटार्नी टोनी रॉकऑकस ने 42 वर्षीय मेशेल अलायबन की पहचान सउदी राजकुमारी के तौर पर पर की जिस पर मानव तस्करी का आरोप है। अगर वह दोषी पायी जाती हैं तो उन्हें 12 साल तक की कैद हो सकती है।
अधिकारियों ने बताया कि अलायबन को उस समय गिरफ्तार किया गया जब सूटकेस पकड़ी एक केन्याई महिला ने बस में सवार हो कर एक यात्री से कहा कि उसे लग रहा है कि वह मानव तस्करी की शिकार है। यात्री ने उसकी मदद करते हुए पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने उस जगह की तलाशी ली जहां पर अलायबन और उसका परिवार रह रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि 2012 में 30 वर्षीय महिला को केन्या से लाया गया था और सउदी अरब पहुंचने पर उसका पासपोर्ट रख लिया गया था। उससे बहुत अधिक काम लिया जाता था और उसे किये गये वादे से कम का भुगतान किया जाता था। उसे छुट्टी भी नहीं दी जाती थी।
रॉकऑकस ने कल जमानत के लिए सुनवाई के दौरान कहा ‘यह अनुबंध वाला विवाद नहीं है। यह किसी को उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती रखने वाली बात है।’ अदालत ने अलायबन को 50 लाख डालर की जमानत पर रिहा किया और अनुमति के बिना उसके देश से बाहर जाने पर रोक लगा दी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, July 11, 2013, 13:05