मिस्र में अप्रैल में होंगे संसदीय चुनाव, राष्ट्रपति ने किया ऐलान

मिस्र में अप्रैल में होंगे संसदीय चुनाव, राष्ट्रपति ने किया ऐलान

मिस्र में अप्रैल में होंगे संसदीय चुनाव, राष्ट्रपति ने किया ऐलानकाहिरा : मिस्र के राष्ट्रपति मोहम्मद मुर्सी ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों को शांत करने और राजनीतिक गतिरोध को दूर करने के लिए अप्रैल में संसदीय चुनाव कराए जाने की घोषणा की है। नए संविधान का निर्माण होने के बाद यह पहला चुनाव होगा। मुर्सी ने बीती रात घोषणा की कि चुनाव सुपरवाइजरों की कमी के चलते चार चरणों में मतदान होगा। नई संसद छह जुलाई से आहूत होगी।

राष्ट्रपति के प्रवक्ता यासिर अली द्वारा जारी किये गए आधिकारिक आदेश के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया चार चरणों ‘27-28 अप्रैल, 15-16 मई, दो-तीन जून तथा 19-20 जून’ में सम्पन्न होगी।
सीएनन की खबर के मुताबिक अधिक चरणों में चुनाव होने से राजनीति से प्रेरित हिंसा की संभावना भी अधिक है।

गौरतलब है कि पिछले साल स्वेज नहर से लगे तटीय प्रांत में हिंसक झड़पें हुई थी। पोर्ट सईद और काहिरा में पहले चरण में मतदान होगा। विशेषज्ञों के मुताबिक मुर्सी और उनके ‘मुस्लिम ब्रदरहुड’ को उम्मीद है कि चुनाव होने से सड़कों पर चल रहे विरोध प्रदर्शन खत्म हो जाएंगे। इस्लामवादी बहुल संसद को पिछले साल जून में उस वक्त भंग कर दिया गया था जब न्यायाधीशों ने चुनाव कानूनों को असंवैधानिक करार दिया था।

शुरा परिषद (ऊपरी सदन) उच्च संवैधानिक अदालत द्वारा प्रस्तावित बदलावों के आधार पर चुनाव कानून में संशोधन करने को सहमत हो गई है। चुनाव की घोषणा ऐसे वक्त की गई है जब राजनीतिक संकट ने देश को दो समूहों बांट दिया है एक समूह राजनीतिक इस्लामवादियों का समर्थन कर रहा है वहीं दूसरा समूह इसका विरोध कर रहा है।

इस बीच, सरकार विरोधी कई संगठनों ने आज रैलियां निकाली। उनकी मांगों में राष्ट्रपति मुर्सी और मुस्लिम ब्रदरहुड को मिस्रवासियों के खिलाफ किए गए उनके अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना शामिल है। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 22, 2013, 18:58

comments powered by Disqus