Last Updated: Saturday, June 16, 2012, 14:07

वाशिंगटन : अमेरिकी रक्षामंत्री लियोन पेनेटा ने मिस्र के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल हुसैन तंतावी से बात की और उनसे आग्रह किया कि वह देश में राजनीतिक परिवर्तन के लिए कदम बढ़ाएं।
पेंटागन के प्रेस सचिव जॉर्ज लिटल ने एक बयान में कहा कि रक्षामंत्री पेनेटा ने फील्ड मार्शल तंतावी से बातचीत में लोकतंत्र के लिए पूर्ण एवं शांतिपूर्ण परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि पारस्परिक हितों को आगे ले जाने के लिए वह मिस्र की नव निर्वाचित सरकार के साथ काम करने की उम्मीद रखते हैं।
लिटल ने कहा कि पेनेटा ने तंतावी से सर्वोच्च संवैधानिक अदालत के संसद को लेकर आए हालिया फैसले सहित मिस्र के वर्तमान घटनाक्रमों पर चर्चा की । कल टेलीफोन पर हुई चर्चा में पेनेटा ने जल्द से जल्द नए विधायी चुनाव कराने सहित मिस्र के राजनीतिक परिवर्तन के लिए तेजी से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
लिटल ने कहा कि फील्ड मार्शल तंतावी ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति पद के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने तथा लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को एक जुलाई तक सत्ता हस्तांतरण करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेता अमेरिका-मिस्र रणनीतिक संबंधों के महत्व पर सहमत हुए। विदेश विभाग की प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने कहा कि मिस्र की स्थिति पर अमेरिका लगातार नजर रखे हुए है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, June 16, 2012, 14:07