Last Updated: Friday, September 14, 2012, 23:39
बीजिंग : दो चीनी निगरानी पोत आज विवादित द्वीपों के समीप समुद्र में प्रवेश कर गए। इन द्वीपों पर जापान और चीन अपना-अपना दावा करते हैं। जापान ने किसी निजी पक्ष से इन द्वीपों को हासिल किया था।
चीनी सरकार द्वारा सोमवार को दियायू आयलैंड के समुद्री जल क्षेत्र की आधार रेखा और मुख्य बिंदुओं की घोषणा किए जाने के बाद पहली बार चीनी पोतों ने इस इलाके में गश्त की। सरकारी संवाद समिति शिन्हुवा ने द्वीपों के समीप पहुंचे पोतों की तस्वीरें दिखायी हैं। चीन ने इस इलाके में छह पोत तैनात किए हैं जहां जापानी तटरक्षक बल के पोत गहन गश्त लगाते रहते हैं। ये द्वीप जापान के प्रशासनिक नियंत्रण में हैं जिन्हें उसने कुछ दिन पहले दो करोड़ 60 लाख डालर में खरीदा था।
चीन लंबे समय से इन द्वीपों पर अपनी संप्रभुत्ता का दावा करता रहा है और पहली बार उसने इन पर जापान के नियंत्रण को चुनौती देते हुए इस क्षेत्र में गश्त शुरू की है। टोक्यो से मिली खबरों में बताया गया है कि जापानी तटरक्षक बलों ने चीनी पोतों को चेतावनी भरे टेलीग्राफ भेजे हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, September 14, 2012, 23:39