शेरी रहमान ने की हिलेरी से मुलाकात - Zee News हिंदी

शेरी रहमान ने की हिलेरी से मुलाकात




इस्लामाबाद : अमेरिका में पाकिस्तान की नई राजदूत शेरी रहमान ने बुधवार को अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन से मुलाकात कर तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे दोनों देशों के संबंधों के बारे में बातचीत की। दोनों की मुलाकात अमेरिकी विदेश विभाग के कार्यालय में हुई। घंटे भर तक चली इस बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी संबंधों में सुधार होने की आशा व्यक्त की।

 

पिछले साल अमेरिका और पाकिस्तान के संबंध काफी तनावपूर्ण रहे। गत फरवरी में रेमंड डेविस नाम के सीआईए के एक एजेंट को लाहौर में दो पाकिस्तानी नागरिकों को गोली मारने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद गत दो मई को अमेरिकी कमांडो कार्रवाई में अलकायदा के सरगना ओसामा बिन लादेन को मार गिराया गया।

 

इसके बाद अमेरिका भेजे गए गए एक गुप्त संदेश में कहा गया कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को फौजी तख्तापलट की आशंका है। इसके बाद अमेरिका में पाकिस्तान के तत्कालीन राजदूत हुसैन हक्कानी को इस्तीफा देना पड़ा। इसके बाद शेरी को अमेरिका का राजदूत बनाया गया।

 

इतना ही नहीं बीते नवंबर में पाकिस्तान की सीमा चौकियों पर उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो)के हमले में करीब 24 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 15 घायल हो गए। इसके बाद दोनों देशों के रिश्ते और भी ज्यादा बिगड़ गए।

(एजेंसी)

First Published: Thursday, January 12, 2012, 13:27

comments powered by Disqus