Last Updated: Sunday, February 17, 2013, 17:55
कोलंबो : श्रीलंकाई समुद्री सीमा में रविवार सवेरे श्रीलंकाई और भारतीय मछुआरों के बीच भिड़ंत हो गई। दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत अंतर्राष्ट्रीय जल सीमा के समीप हुई। श्रीलंकाई नौसेना के प्रवक्ता सोसाला वारनाकुलसूर्य ने कहा कि उत्तर पश्चिमी मन्नार की खाड़ी में दोनों देशों की जलसीमा है।
नौसेना के प्रवक्ता ने समचार एजेंसी सिन्हुआ को बताया कि उन्हें भिड़ंत की जानकारी मिली और मामले की जांच करने और स्थिति पर काबू पाने के लिए नौसेना की नाव भेजी गई है। भारतीय और श्रीलंकाई मछुआरों के बीच अक्सर भिड़ंत होती रहती है। कोलंबो ने भारतीय मछुआरों पर उसकी जल सीमा में मछलियों की प्रचुरता के लिए मशहूर काटचथीवू के समीप तक पहुंच कर मछली का शिकार करने का आरोप लगाया है।
काटचथीवू एक द्वीप है जिसे भारत ने 1974 में श्रीलंका को हस्तांतरित कर दिया था। आए दिन के झड़पों को देखते हुए भारत और श्रीलंका पालक की खाड़ी में मत्स्य शिकार सीमा तय करने के लिए समझौता करने के कगार पर हैं। सीमा तय होने के बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष का समाधान हो सकता है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, February 17, 2013, 17:55