सर क्रीक मुद्दा: पाक ने यूएन को पत्र लिखा - Zee News हिंदी

सर क्रीक मुद्दा: पाक ने यूएन को पत्र लिखा



संयुक्त राष्ट्र : पाकिस्तान ने संयुक्‍त राष्ट्र महासचिव बान की-मून से भारत से लगने वाली सर क्रीक सीमा को लेकर शिकायत की है। पाकिस्तान ने कहा है कि भारत ने सर क्रीक खाड़ी के बारे में भौगोलिक समन्वय अधिसूचित किया है वह अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक ‘असंगत’ है और यह उसकी सीमा का उल्लंघन करता है।

 

भारत ने सर क्रीक के बारे में जो अधिसूचना दी थी, उसी के जवाब में संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तानी मिशन ने यह शिकायत दर्ज की है। इस शिकायत को संयुक्त राष्ट्र के समुद्रीय मामलों के प्रभाग ‘ओसिएन अफेयर्स एंड द ला आफ दी सी’ की वेबसाइट पर लगाया है। पत्र में कहा गया है, ‘सर क्रीक में भारत का ‘बेस प्वाइंट’ पाकिस्तानी सीमा में है। यह उसके क्षेत्रीय जल सीमा का अतिक्रमण करता है और यह अंतरराष्ट्रीय सिद्धांतों का घोर उल्लंघन है।’ इसमें कहा गया है कि वह भारत के नजरिए को मान्यता नहीं देता।

 

पत्र के अनुसार, ‘पाकिस्तान सरकार के पास भारत की अधिसूचना में उचित सुधार की मांग करने का अधिकार है और भारतीय अधिसूचना के आधार पर भारत पाकिस्तानी जल सीमा में अपनी संप्रभुता का विस्तार करता है तो यह पाकिस्तान को स्वीकार्य नहीं है।‘

 

दोनों देशों ने पिछले साल मई में रावलपिंडी में सर क्रीक के मुद्दे पर बात की थी। बातचीत में विवादित अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा को सुलझाने पर जोर दिया गया था। कच्छ के रण में सर क्रीक 96 किलोमीटर लंबी खाड़ी है जो भारत के गुजरात और पाकिस्तान के सिंध प्रांत को अलग करती है।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 10, 2012, 15:10

comments powered by Disqus