हिलेरी अगले हफ्ते म्यामांर के दौरे पर - Zee News हिंदी

हिलेरी अगले हफ्ते म्यामांर के दौरे पर

वाशिंगटन: अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन अगले सप्ताह म्यामांर के तीन दिनों के दौरे पर पहुंचेगी। उनकी इस ऐतिहासिक यात्रा का मकसद म्यामां में सुधारों की गति बढ़ाना है।

 

अधिकारियों ने बताया कि हिलेरी 30 नवंबर को म्यामांर पहुंचेगी। इससे पहले वह दक्षिण कोरिया के बुसान शहर में एक सम्मेलन में शिरकत करेंगी।

 

बीते 50 दशक के दौरान म्यामांर का दौरा करने वाली वह पहली अमेरिकी विदेश मंत्री होंगी। वह म्यामांर में नाय पी ताव और यंगून जाएंगी।

 

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मार्क टोनर ने बताया, ‘हिलेरी इस दौरे पर सैद्धांतिक संबंध और प्रत्यक्ष संवाद की नीति को लेकर अमेरिका की प्रतिबद्धता पर जोर देंगी।’

 

उन्होंने कहा, ‘हाल के महीनों में हमने जिन सुधारों को देखा है, हिलेरी उनके प्रति अपना समर्थन दर्ज कराएंगी। अमेरिका वहां हो रही प्रगति में मदद के लिए भी कदम उठा सकता है।’

 

बीते सप्ताह में अपने इंडोनेशिया दौरे के समय अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एलान किया था कि वह हिलेरी को म्यामांर भेज रही हैं। ओबामा ने कहा था कि उन्होंने लोकतांत्रिक कार्यकर्ता आंग सान सू ची से पहली बार सीधी बातचीत करने के बाद उन्होंने हिलेरी को म्यामां को भेजने का फैसला किया।

 

उधर, उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाकार बेन रोडेस ने संवाददाताओं से कहा कि विदेश मंत्री के म्यामांर दौरे का मुख्य लक्ष्य वहां बदलाव की गति को बरकरार रखना है।

 

उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि विदेश मंत्री के इस दौरे से म्यामां में परिवर्तन की गति को बल मिलेगा। फिलहाल म्यामांर के खिलाफ प्रतिबंध हटाने की कोई योजना नहीं है।’ (एजेंसी)

First Published: Thursday, November 24, 2011, 11:37

comments powered by Disqus