हिलेरी की यूरोपीय देशों की यात्रा 31 से

हिलेरी की यूरोपीय देशों की यात्रा 31 से

वाशिंगटन : यूरोपीय देशों के साथ करीबी द्विपक्षीय संबंधों के उद्देश्य से अमेरिकी विदेश मंत्री अपने एक हफ्ते के यूरोपीय दौरे में सात देशों की यात्रा करेंगी। यह दौरा अगले हफ्ते से शुरू हो रहा है।

हिलेरी 31 मई को वाशिंगटन से रवाना होंगी। अपने इस दौरे में हिलेरी डेनमार्क, नॉर्वे, स्वीडन, आर्मेनिया, जॉर्जिया, अजरबैजान और तुर्की जाएंगी। हिलेरी सबसे पहले डेनमार्क जाएंगी। कोपनहेगन में वह शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद एक जून को हिलेरी ओस्लो जाएंगी। वहां वह नार्वे के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। हिलेरी ओस्लो में नार्वे सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे एक वैश्विक स्वास्थ्य सम्मेलन में भाग लेंगी।

दो जून को हिलेरी आर्कटिक पर अमेरिका-नार्वे के बीच सहयोग पर चर्चा के लिए ट्राम्सो में होंगी। इसके अगले दिन हिलेरी स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम पहुंचेंगी और अधिकारियों के साथ बैठक में हरित उर्जा, इंटरनेट स्वतंत्रता, अफगानिस्तान और मध्य पूर्व की स्थिति पर चर्चा करेंगी।

इसके बाद वह चार से सात जून के बीच काकेशस क्षेत्र के देशों का दौरा करेंगी। जॉर्जिया, आर्मेनिया और अजरबैजान में वह क्षेत्रीय सुरक्षा, लोकतंत्र, आर्थिक विकास और आतंकवाद रोधी मुद्दों पर चर्चा करेंगी। 7 जून को अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव में हिलेरी तुर्की पहुंचेंगी। हिलेरी इस्तांबुल में वैश्विक आतंक निरोधी मंत्री स्तरीय मंच की सह अध्यक्षता करेंगी। हिलेरी तुर्की के शीर्ष अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठक में सीरिया और ईरान के मद्दों पर चर्चा करेंगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, May 26, 2012, 11:27

comments powered by Disqus