2016 का राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगी हिलेरी, किया खंडन

2016 का राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगी हिलेरी, किया खंडन

2016 का राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ेंगी हिलेरी, किया खंडन वाशिंगटन : अमेरिकी विदेशी मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने इन अटकलों का खंडन किया है कि वह वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पद के लिए होने वाला चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि इसकी जगह वह देश की पहली महिला राष्ट्रपति के लिए ‘उत्साहवर्धन’ कर सकती हैं।

मेरी क्लेयर पत्रिका में गुरुवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में हिलेरी ने कहा है, मैं उनका उत्साहवर्धन करने जा रही हूं। मुझे उम्मीद है कि हम लोग आखिरकार एक महिला राष्ट्रपति को चुनने जा रहे होंगे। उनका उत्साहवर्धन करना मेरे लिए बहुत बड़ा अनुभव होगा।

वर्ष 2008 में हिलेरी ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रत्याशी बनने का असफल प्रयास किया था। तब वह डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रायमरी में बराक ओबामा से हार गई थीं।

इसके बाद हिलेरी बार-बार इन खबरों का खंडन करती रही हैं कि उनका इरादा 2016 में सर्वोच्च पद के लिए चुनाव लड़ने का है। अमेरिका में अभी तक कोई महिला राष्ट्रपति नहीं बनी है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में किस्मत आजमाने का फैसला कर रही हैं तो उन्होंने कहा, आप जानते हैं? मैं नहीं जानती। हिलेरी ने कहा, मैं पिछले 20 साल से राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय राजनीति और नेतृत्व में हूं। यह मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान और अनुभव की बात है। लेकिन मैं चाहती हूं कि मेरा पुराना समय मुझे मिल जाए। मैं सिर्फ अपने लिए समय चाहती हूं।

ओबामा प्रशासन के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्रालय का जिम्मा संभाल रही हिलेरी ने कहा कि जब जनवरी में नया प्रशासन शपथ लेगा तब वह यह पद छोड़ देंगी। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 19, 2012, 09:56

comments powered by Disqus