2050 तक दुनिया की आबादी हो जाएगी 9.6 अरब : संयुक्त राष्ट्र

2050 तक दुनिया की आबादी हो जाएगी 9.6 अरब : संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया की वर्तमान 7. 2 अरब की आबादी में अगले 12 वर्ष में दस लाख से अधिक की वृद्धि हो जाएगी और वर्ष 2050 तक यह आंकड़ा 9.6 अरब तक हो सकता है। विश्व संस्था की आज जारी इस रिपोर्ट में कहा गया है कि जनसंख्या में यह वृद्धि अफ्रीका में आधे से अधिक होने के साथ साथ मुख्य रूप से विकासशील देशों में होगी।

आर्थिक और सामाजिक मामलों के अंडर सेक्रेटरी जनरल वू होंगबू ने कहा, ‘हालांकि जनसंख्या वृद्धि दर में कमी आई है लेकिन यह रिपोर्ट बताती है कि कुछ विकासशील देशों, खास कर अफ्रीका में आबादी तेजी से बढ़ रही है।’ रिपोर्ट का शीर्षक ‘वर्ल्ड पापुलेशन प्रॉस्पेक्ट्स : द 2012 रिवीजन’ है। इसमें कहा गया है कि विकसित देशों की आबादी अभी करीब 1.3 अरब है जो 2050 तक इसी के आसपास रहेगी और इसमें खास बदलाव नहीं होगा। लेकिन कम से कम 49 विकासशील देशों में जो आबादी अभी 90 करोड़ है, वह 2050 में बढ़कर 1.8 अरब हो जाएगी।’

पिछले अनुमानों की तुलना में कुल आबादी के नए अनुमान इसलिए अत्यधिक हैं क्योंकि कुछ देशों में प्रजनन स्तर के बारे में नयी सूचना मिली है। उदाहरण के लिए उप सहारा अफ्रीका के 15 देशों में प्रजनन दर अत्यधिक है। संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक मामलों के आबादी प्रभाग के निदेशक जॉन विल्मॅथ ने न्यूयार्क स्थित विश्व संस्था के मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा ‘कुछ मामलों में, प्रजनन के वास्तविक स्तर में हालिया वर्षों में वृद्धि हुई है। अन्य मामलों में पूर्व के अनुमान बहुत कम थे।’ (एजेंसी)

First Published: Friday, June 14, 2013, 10:21

comments powered by Disqus