Last Updated: Monday, February 4, 2013, 14:09

इस्लामाबाद : अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर हाल के संकट के दौरान भारत-पाकिस्तान के बीच उभरे तनाव को कम करने में उसने अहम भूमिका निभाई। अमेरिका ने कहा कि उसने भारत और पाकिस्तान दोनों से बातचीत शुरू करने की अपील की।
समाचार पत्र ‘डॉन’ के मुताबिक एलओसी पर हुए संघर्ष और सैनिकों के मारे जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्ते तेजी से खराब हो गए। मीडिया रिपोर्टों में कहा गया कि सीमा पर दोनों देशों की सेनाओं के बीच गत छह जनवरी को हुई गोलीबारी में पाकिस्तान का एक सैनिक मारा गया।
भारत की ओर से दावा किया गया कि उसने यह गोलीबारी पाकिस्तान की ओर से आंतकियों को सीमा पार करने से रोकने के लिए की। भारत ने यह भी कहा कि एलओसी पर गत आठ जनवरी को गश्त पर निकले दो भारतीय जवानों की हत्या कर दी गई और उनके शव को क्षत-विक्षत किया गया।
पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने एलओसी संघर्ष पर संयुक्त राष्ट्र में एक रिपोर्ट सौंपी जिसमें यह बताया गया कि एलओसी पर हुए संघर्षों में भारतीय सेना ने कैसे उसके जवानों के साथ बुरा बर्ताव किया।
एलओसी संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच संबंध हालांकि पटरी पर आ गए हैं और दोनों देशों ने आपसी संपर्क एवं व्यापार शुरू कर दिया है।
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता विक्टोरिया नूलैंड ने कहा कि एलओसी पर संघर्ष के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच उपजे तनाव को कम करने में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने नई दिल्ली एवं इस्लामाबाद में मौजूद अपने राजदूतों के जरिए यह भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राजदूत दोनों देशों से आपसी बातचीत शुरू करने पर लगातार जोर देते रहे। (एजेंसी)
First Published: Monday, February 4, 2013, 14:09