Last Updated: Sunday, December 18, 2011, 04:02
नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्रिमंडल में मामूली विस्तार के बाद रविवार को राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रमुख अजित सिंह को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। उन्हें नागर विमानन मंत्रालय दिया गया है। पश्चिमी उत्तरप्रदेश के 72 वर्षीय जाट नेता एक सप्ताह पहले ही कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन में शामिल हुए थे और रविवार को उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया। यूपीए दो के 2009 में सत्ता में आने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ओर से किया गया मंत्रिमंडल का यह तीसरा विस्तार है।
राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष अजीत सिंह को नागर विमानन मंत्रालय का प्रभार दिया गया है। राष्ट्रपति भवन के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री की सलाह पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने सिंह को नागर विमानन मंत्रालय आवंटित किया।वह 77 सदस्यों वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले 33वें कैबिनेट मंत्री हैं।
अजीत सिंह को राष्ट्रपति भवन में एक संक्षिप्त कार्यक्रम में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। इस दौरान उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे। उत्तरप्रदेश चुनाव से पहले अजीत सिंह को यूपीए में शामिल करने में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की अहम भूमिका बतायी जाती है। राहुल गांधी इस समारोह में उपस्थित थे और अजीत सिंह के पुत्र जयंत चौधरी के साथ बैठे थे। जयंत चौधरी मथुरा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
जारी अजीत सिंह के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय लोक दल के सत्ताधारी गठबंधन में शामिल होने के बाद लोकसभा में यूपीए के सदस्यों की संख्या 272 से बढ़कर 277 हो गई है। अजीत सिंह चौथी बार केंद्रीय मंत्री बनाये गए हैं । सिंह, पी वी नरसिम्ह राव के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में शामिल रहे जिसमें उनके पास खाद्य मंत्रालय था। वह सबसे पहले वी पी सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे। उन्होंने 1989 से 1990 तक उद्योग विभाग का प्रभार संभाला। अजीत सिंह 2001 से 2003 तक भाजपा नीत राजग सरकार में कृषि मंत्री रहे।
अजीत सिंह के नेतृत्व वाले रालोद के लोकसभा में पांच सदस्य हैं और उन्होंने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री और सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। सिंह छह बार लोकसभा के सदस्य रहे और उन्होंने बागपत संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह प्रशिक्षित कम्प्यूटर वैज्ञानिक रहे हैं जिन्हें अमेरिका में इस उद्योग में 15 वर्षों का अनुभव है।
(एजेंसी)
First Published: Monday, December 19, 2011, 00:04