अन्ना के प्रति क्रूर हो गई है टीम अन्ना: दिग्गी - Zee News हिंदी

अन्ना के प्रति क्रूर हो गई है टीम अन्ना: दिग्गी

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह टीम अन्ना के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। अपने ताजा ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कई टिप्पणियां कर अन्ना और उनकी टीम पर जोरदार हमले किए हैं। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा है, 'टीम अन्ना समाजसेवी अन्ना हजारे के साथ क्रूरता से पेश आ रही है। वे 75 साल के बुजुर्ग को भूखा रखते हैं और उनके खर्चे पर मौज करते हैं।'

 

दिग्विजय सिंह ने ताजा ट्वीट में टीम अन्ना पर सवाल खड़ा करते हुए कहा है, 'अंदाजा लगाइए कि टीम अन्ना औपचारिक तौर पर एनडीए में कब शामिल होगी। मैं शर्त लगाता हूं कि 15 जनवरी, 2012'। अन्ना पर सीधी टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता ने लिखा, 'बुरा जो खोजन अन्ना निकला बुरा ना मिलिया कोई ! जो अन्ना ने दिल खोजा अपना तो उनसे बुरा न कोई!'

 

एक अन्य ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने टिप्पणी की है, 'अन्ना के अनशन की जगह बदलकर मुंबई कर दी गई है। क्या इसकी वजह ठंड है या टीम अन्ना के एनजीओ के लिए पैसे इकट्ठा करने की ज्यादा गुंजाइश?'  एक और ट्वीट में दिग्विजय ने लिखा है, 'भारत सरकार लोकपाल में ज्यादातर मांगों को पूरा करने की कोशिश कर रही है। लेकिन टीम अन्ना इससे भी संतुष्ट नहीं होगी। उनका एजेंडा राजनीतिक है।'

First Published: Wednesday, December 21, 2011, 00:38

comments powered by Disqus