Last Updated: Monday, December 24, 2012, 00:33

नई दिल्ली : पिछले सप्ताह सामूहिक बलात्कार की घटना के बाद राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा की मांग को लेकर इंडिया गेट के नजदीक एकत्र प्रदर्शनकारियों द्वारा पीटे जाने के कारण दिल्ली पुलिस का एक कांस्टेबल जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
इंडिया गेट पर आज हुयी हिंसा में 78 पुलिसकर्मी और 65 प्रदर्शनकारी घायल हो गये। पुलिस ने आंसू गैस के 250 गोले छोड़े, पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया।
घायल 78 पुलिसकर्मियों में संयुक्त आयुक्त (मध्य) ताज हसन, अतिरिक्त आयुक्त (नई दिल्ली) केसी द्विवेदी, पुलिस उपायुक्त (बाहरी) बीएस जायसवाल और अतिरिक्त उपायुक्त (नयी दिल्ली) संजय त्यागी भी शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस आयुक्त नीरज कुमार ने पीटीआई को बताया कि कांस्टेबल सुभाष तोमर राम मनोहर लोहिया अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। तोमर करावल नगर पुलिस थाना में तैनात हैं।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून और व्यवस्था) धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि शाम में इंडिया गेट के नजदीक तिलक मार्ग पर प्रदर्शनकारियों में शामिल बदमाशों द्वारा तोमर की पिटाई की गयी। उन्होंने बताया कि उनकी हालत गंभीर है और अब उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि कम से कम 25 वाहनों, डीटीसी की 12 बसें, 12 पीसीआर वैन और दूरदर्शन के एक वाहन को क्षति पहुंचाया गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 23, 2012, 18:57