Last Updated: Friday, June 21, 2013, 19:20

नई दिल्ली : भाजपा ने उत्तराखंड में आई बाढ़ के कारण मची तबाही पर शुक्रवार को चिंता जताई। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय आपदा से प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए दान दें। प्रभावित क्षेत्रों से लौटने के बाद सिंह ने बड़े पैमाने पर राहत कार्य का आह्वान किया।
भाजपा ने एक वक्तव्य में कहा कि उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, लोगों और खासतौर पर व्यापारियों और व्यापार संगठनों से राष्ट्रीय आपदा के इस क्षण में आगे आने और राहत प्रदान करने में सहयोग करने को कहा। भाजपा के आपदा राहत कोष के लिए राहत राशि एकत्र की जा रही है।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर कहा कि वह शुक्रवार को उत्तराखंड जा रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि वह रात देहरादून में गुजारेंगे और कल हवाई सर्वेक्षण करेंगे। पार्टी नेता एम. वेंकैया नायडू ने अपने सांसद निधि से पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए 50 लाख रुपये दान किए। आंध्र प्रदेश के भी कई तीर्थयात्री उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए हैं।
नायडू ने मांग की कि इस अप्रत्याशित प्राकृतिक प्रकोप को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। उन्होंने गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे से बातचीत की ताकि अब भी फंसे हुए यात्रियों को बचाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने की आवश्यकता पर जोर दिया जा सके। इन सहायताओं में साजो-सामान यथा अतिरिक्त हेलिकॉप्टर और अन्य उपकरण भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जानी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की प्रस्तावित विदेश यात्रा का उल्लेख किया और कहा कि यह अच्छा है कि उन्होंने इसे रद्द कर दिया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 21, 2013, 19:20