उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी - Zee News हिंदी

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी

नई दिल्ली : उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौरा जारी है। जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में शनिवार को इस मौसम की सबसे सर्द रात रही और क्षेत्र के कई हिस्सों में बर्फीली हवाएं चलीं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में कल रात न्यूनतम तापमान शून्य से  7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो इस मौसम की सबसे सर्द रात थी। इससे पहले इस मौसम  का सबसे कम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

 

काजीगुंड में तापमान शून्य से 13.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। यह गुलमर्ग के बाद घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। गुलमर्ग का तापमान शून्य से नीचे 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया  गया।

 

दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग रिसोर्ट में तापमान शून्य से 13.0 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि पहलगाम में शून्य से 12.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।  लद्दाख में कारगिल कस्बा कश्मीर संभाग का सबसे ठंडा स्थान रहा। कारगिल का न्यूनतम  तापमान शून्य से 17.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था। कल कारगिल में शून्य से 19.6 डिग्री
सेल्सियस नीचे तापमान के साथ इस मौसम की सबसे ठंडी रात देखी गई थी।

 

पंजाब और हरियाणा में भी ठंड का दौर जारी रहा। नारनौल इस क्षेत्र की सबसे ठंडी जगह रही
जहां का तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

हिसार में रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करनाल का तापमान  4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंजाब में अमृतसर  का तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों  में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, हिमपात और बर्फीले तूफान की आशंका जताई है।

 

तापमान में हल्की बढ़त के बावजूद क्षेत्र में बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का दौर जारी रहा। हिमाचल प्रदेश के उंचाई वाले आदिवासी क्षेत्रों में शीत लहर चलने के कारण तापमान शून्य से 17 और शून्य से 28 डिग्री सेल्सियस नीचे के बीच रहा। राजस्थान में भी शीतलहर का कहर जारी रहा।

 

चुरु का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली 3.4 डिग्री सेल्सियस, सवाईमाधोपुर 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वी क्षेत्र में ओड़िशा कंधमाल जिले के बेलघर में तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे
रहा। पूरे जिले में शीतलहर का प्रकोप है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 15, 2012, 08:41

comments powered by Disqus