Last Updated: Thursday, January 12, 2012, 14:37
नई दिल्ली : उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। कड़ाके की ठंड से उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में 21 और लोगों की मौत से इस मौसम में देश भर में ठंड से मरने वालों की कुल संख्या 159 हो गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तो दो डिग्री कम है, लेकिन कल के 4.6 डिग्री सेल्सियस तापमान से कुछ बेहतर है। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड से 18 लोगों की मौत हो गयी। बाराबंकी में आठ, जौनपुर में पांच, महाराजगंज में चार और ललितपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी। राज्य के नजीबाबाद और बांदा में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश के कई स्थानों पर धूप खिलने के बावजूद तापमान सामान्य से कम रहा और लोगों को ठंड से कोई राहत नहीं मिली। चांबा में हिमपात में तीन लोगों की जान चली गई।
राजधानी शिमला न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा। शिमला और मनाली में क्रमश: 10 और 20 सेमी ताजा हिमपात हुआ। उधर, कश्मीर घाटी में 16 साल का रिकार्ड तोड़ते हुए तापमान लगातार चौथे दिन भी शून्य से नीचे बना रहा। पिछली चार रातों और तीन दिन से घाटी में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे है और घाटी में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, कल रात से यहां तापमान में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग पर्यटन स्थल में तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो कि कल रात के तापमान से 1.6 डिग्री अधिक है। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 12.1 डिग्री कम दर्ज किया गया। यह कल के तामपान से 1.4 डिग्री कम है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी आज शीत लहर जारी रही और तापमान सामान्य से कम बना रहा। अमृतसर में पारा पिछले कुछ दिन से शून्य से नीचे बना हुआ था। आज इसमें मामूली सी बढ़ोतरी हुई और मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला में तीन डिग्री की गिरावट के साथ तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ में 4.6 डिग्री तापमान के साथ रात काफी ठंडी रही।
हरियाणा में नारनौल सबसे ठंडा रहा और यहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। हिसार में भी तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा और सर्दी का प्रकोप बना रहा। राज्य के विभिन्न भागों में सर्दी का प्रभाव जारी है। रोहतक में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री, भिवानी में 2.2 डिग्री, करनाल में तीन डिग्री और अंबाला में 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राजस्थान में ठंड का प्रभाव लगातार जारी है और चुरू में न्यूनतम तापमान शून्य से 0 . 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Friday, January 13, 2012, 00:00