Last Updated: Sunday, December 25, 2011, 17:54

नई दिल्ली : उत्तर भारत में इस वर्ष क्रिसमस पर बर्फबारी तो नहीं हुई, लेकिन कड़ाके की सर्दी रही। कई स्थानों पर तापमान शून्य के आसपास रहा। दिल्ली में क्रिसमस का दिन पांच वर्षो के दौरान सबसे अधिक ठंडा रहा, जबकि श्रीनगर और अमृतसर में मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया।
धूप खिली रहने और कई स्थानों पर कोहरा न रहने के बावजूद सुबह और शाम को बर्फीली हवा चलती रही। दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। अधिकतम तापमान 20.3 डिग्री दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने बताया, सुबह कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 400 मीटर रह गई। राजधानी में आद्र्रता अधिकतम 93 फीसदी एवं एवं न्यूनतम 33 फीसदी के बीच रही। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 20 और 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
राजस्थान में शीतलहर जारी है। कई स्थानों पर तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है। पंजाब और हरियाणा भी शीतलहर की चपेट में है। उत्तर प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड जारी है। कानपुर, लखनऊ और मेरठ में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
उधर, मध्य प्रदेश में मौसम के बदलाव का दौर जारी है। दिन का तापमान अब भी 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, वहीं न्यूनतम तापमान लगातार घट-बढ़ रहा है। राज्य के ग्वालियर सहित दूसरे कुछ हिस्सों मे न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सुबह के वक्त कोहरे और सर्द हवाएं चलने से आमजीवन पर असर पड़ रहा है।
राजधानी भोपाल में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है तो इंदौर में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है, वहीं दूसरी ओर ग्वालियर में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है और तापमान साढ़े चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
जम्मू एवं कश्मीर की शीतकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इस मौसम का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। घाटी में क्रिसमस के समय हिमपात की सम्भावना नहीं है।
लद्दाख क्षेत्र का लेह कस्बा राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां पर तापमान शून्य से 16.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। स्थानीय मौसम विभाग में निदेशक सोनम लोटस ने बताया, न्यूनतम तापमान गुलमर्ग में शून्य से 9.8 डिग्री सेल्सियस कम और पहलगाम में शून्य से 8.8 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
लोटस ने कहा कि अगले कुछ दिनों में कश्मीर घाटी एवं लद्दाख क्षेत्र के तापमान में आगे भी गिरावट होने की सम्भावना है। हिमपात न होने के बाद भी श्रीनगर की सड़कों पर सुबह पाले की परत जम गई।
उत्तर भारत के पर्वतीय पर्यटन स्थल शिमला, कसौली और धर्मशाला इस सर्दी में मैदानी इलाकों के मुकाबले गर्म रहे। शिमला स्थित मौसम विभाग के निदेशक ने कहा, बर्फबारी न होने के कारण इन दिनों पर्वतीय क्षेत्र में आमतौर पर तापमान में खास गिरावट नहीं आई है। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 26, 2011, 00:35