उत्तर भारत में लू का कहर जारी, यूपी में 2 मरे

उत्तर भारत में लू का कहर जारी, यूपी में 2 मरे

नई दिल्ली : उत्तर भारत आज भी लू की चपेट में रहा और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने दो की जान ली। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा जोकि सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रबुद्ध नगर में लू से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश हुई।
राज्य में सबसे गर्म स्थान इटावा रहा जहां तापमान 44 .2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में भी लोगों का गर्मी से जीना मुहाल रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे गर्म स्थान चुरू रहा जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि 42 डिग्री तापमान के साथ श्रीगंगानगर दूसरा सबसे गर्म स्थान रहा।
जयपुर, बीकानेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.7, 41.3 और 40.5 डिग्री दर्ज किया गया।

पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ में भी गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान रखा और दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक उपर रहा। (एजेंसी)

First Published: Saturday, June 23, 2012, 22:31

comments powered by Disqus