Last Updated: Sunday, April 14, 2013, 15:35

नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी आज चार दिन की ताजिकिस्तान यात्रा पर रवाना हो गए जहां वह मध्य एशियाई देश के साथ व्यापार एवं रक्षा सहित भारत के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के तौर तरीकों पर चर्चा करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान अंसारी द्विपक्षीय संबंधों को नयी गति देने के लिए ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति एमोमली रहमान और इसके प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री तथा आर्थिक विकास एवं व्यापार मंत्री तथा अन्य से मुलाकात करेंगे।
अंसारी की यात्रा भारत की मध्य एशिया से संबंध स्थापित करने की नीति का हिस्सा है। यह कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान जैसे देशों के साथ व्यापक राजनीतिक, आर्थिक संबंधों और लोगों के बीच संपर्क पर केंद्रित है। किसी भारतीय उपराष्ट्रपति की हाइड्रोकार्बन और खनिज प्रचुर ताजिकिस्तान की यह पहली यात्रा है।
दोनों पक्ष ट्रांस अफगान कॉरिडोर खोलने पर चर्चा करेंगे जिससे कि ताजिकिस्तान के लिये माल की आवाजाही आसान होगी। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘हम ट्रांस अफगान कॉरिडोर के लिए बात कर रहे हैं जो हमें ताजिकिस्तान तक विशेष पहुंच मुहैया कराएगा।’ दोनों देश अफगानिस्तान की स्थिति और इससे संबंधित सुरक्षा चुनौतियों पर भी चर्चा करेंगे। ताजिकिस्तान की अफगानिस्तान के साथ 1420 किलोमीटर लंबी सीमा है जहां से आसानी से आया-जाया जा सकता है।
भारत-ताजिकिस्तान के बीच 1992 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। मई 1994 में भारत ने दुशांबे में अपना राजनयिक मिशन खोला था, जबकि ताजिकिस्तान ने नयी दिल्ली में जून 2003 में अपना दूतावास खोला था। (एजेंसी)
First Published: Sunday, April 14, 2013, 15:35