उ. भारत में तापमान में वृद्धि पर ठंड जारी - Zee News हिंदी

उ. भारत में तापमान में वृद्धि पर ठंड जारी


नई दिल्‍ली/खनऊ : उत्‍तर भारत के अधिकांश हिस्‍से में तापमान में बढ़ोतरी तो आई है, लेकिन ठंड जारी है। राजधानी लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों के तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन सर्द हवाओं का दौर जारी रहने से दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई। हालांकि दिल्ली में सोमवार सुबह अच्छी धूप निकली। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में बादल छाए रहेंगे। वहीं, पटना समेत बिहार के अधिकांश क्षेत्रों में सुबह और शाम ठंड पड़ रही है। जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है।

 

उधर, मध्‍य प्रदेश में हवाओं के बदलते रुख से मौसम का मिजाज भी बदल चला है। कभी सर्द हवाएं ठिठुरने पर मजबूर कर देती हैं, तो कभी दोपहर की धूप चुभन पैदा कर देती है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अब हवाओं का रुख दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हो गया है, जिसके चलते तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसके बाद भी सुबह व रात को सर्दी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों में तापमान में गिरावट आ सकती है और राज्य के कई हिस्सों मे न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं आसमान साफ व मौसम शुष्क रहेगा।

 

वहीं, सोमवार सुबह लखनऊ का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। फरु खाबाद आज सूबे का सबसे सर्द स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 6.4 डिग्री था। पिछले चार-पांच दिनों से न्यूनतम तापमान में सात डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई थी।

 

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अगले चार-पांच दिनों तक मौसम यथावत रहेगा। सर्द हवाएं चलने से सुबह और शाम के समय ठंड रहेगी। धूप खिलने से दिन में जरूर ठिठुरन से कुछ राहत मिलेगी। आसमान साफ रहने की संभावना है।

(एजेंसी)

First Published: Monday, February 13, 2012, 13:26

comments powered by Disqus