Last Updated: Wednesday, January 9, 2013, 00:38

नई दिल्ली : मंगलवार को कश्मीर से लेकर महाराष्ट्र के महाबालेश्वर तक ठंड का असर देखा गया। उत्तर भारत में शीतलहर ने कोहराम मचा रखा है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 धंटों के दौरान 114 लोगों के मरने की खबर मिली है। रेल और सड़क यातायात के साथ-साथ विमान सेवाएं भी कोहरे का कारण प्रभावित हुई हैं। कोहरे और सर्दी की सबसे ज्यादा मार उत्तर प्रदेश में देखा जा रहा है, जहां विभिन्न क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों के दौरान 114 लोगों के मरने की खबर है। राज्य के पूर्वांचल में 48, बुंदेलखंड और मध्य उप्र में 29, अवध क्षेत्र में 12, मेरठ और उसके आसपास के जिलों में 16 और इलाहाबाद के देहात क्षेत्र में नौ लोगों ने ठंड से दम तोड़ दिया है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में सरकार की ओर से गरीबों के लिए रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्था की गई है।
लखनऊ में रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक कैफियत एक्सप्रेस को जहां रद्द कर दिया गया है, वहीं करीब दर्जनभर रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चल रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से साढ़े पांच घंटे विलम्ब से पहुंची। इसके अलावा मरुधर एक्सप्रेस, कोटा-पटना, फरक्का एक्सप्रेस, चण्डीगढ़ एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से कई घंटे देरी से चल रही हैं।
मौसम खराब रहने की वजह से सोमवार को लखनऊ में केवल दो विमान उतर सके। हवाई अड्डा अधिकारियों के मुताबिक दृश्यता कम होने की वजह से विमानों के परिचालन में काफी सावधानी बरती जा रही है।
सूबे में मुजफ्फरनगर सबसे सर्द क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान पहली बार शून्य से नीचे चला गया। यहां का तापमान शून्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ के अलावा नजीबाबाद, अलीगढ़ व आगरा के अलावा पूरे पूर्वांचल में शीतलहर और ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो गया है।
मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, आगरा का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, नजीबाबाद में एक डिग्री, अलीगढ़ में 1.4 और लखीमपुर खीरी में 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 6.1, वाराणसी का 3.9 और गाजीपुर में दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जे.पी. गुप्ता के मुताबिक फिलहाल भीषण सर्दी और गलन से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पूर्वी उप्र में कुछ जगहों पर हल्की धूप दिखाई दे सकती है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह भी हाड़ कंपा देने वाली सर्दी कायम रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने पर थोड़ी राहत मिली।
कोहरे से परिवहन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उत्तर रेलवे के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि कोहरे की वजह से 40 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं, जबकि 11 रेलगाड़ियां स्थगित कर दी गई हैं। सुबह 8.30 बजे 500 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शाम को सर्द हवाएं चलने और ठंड बढ़ने की आशंका जाहिर की है।
जम्मू एवं कश्मीर में भी मंगलवार को सर्दी चरम पर रही। जम्मू शहर में तापमान का बीते 30 वर्षो का रिकार्ड ध्वस्त हो गया। इस शहर में सोमवार को तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस रहा। क्षेत्रीय मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने आईएएनएस को बताया कि जम्मू शहर में सोमवार को दिन का तापमान इतना गिर गया कि यहां बीते 30 साल का रिकार्ड टूट गया।
कश्मीर घाटी के बारे में लोटस ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जबकि पहलगाम में शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। लद्दाख क्षेत्र का कारगिल कस्बा मंगलवार को सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 20 डिग्री सेल्सियस नीचे रिकार्ड किया गया। लोटस ने कहा कि कश्मीर घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका है। सर्दी के कारण इस राज्य में स्कूलों की छुट्टियां 13 जनवरी तक के लिए बढ़ा दी गई हैं।
बिहार में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कम अंतर के कारण लोग कड़ाके की सर्दी का सामना कर रहे हैं। गया में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया में 6.5 डिग्री व भागलपुर में 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी विद्यालयों को 10 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। राज्यभर में सभी सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्यभर में 1,413 स्थानों पर सरकार द्वारा अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है।
महाराष्ट्र के इस लोकप्रिय हिल स्टेशन महाबालेश्वर में मंगलवार सुबह कश्मीर और मनाली जैसे दृश्य नजर आए। रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक गिर जाने से ओस की बूंदें जम गईं, जिससे हिम की पतली सी चादर बिछी नजर आई।
जुड़वां हिल स्टेशन पंचगनी की ओर जाने वाले रास्ते के सभी शिखरों और घाटियों के साथ लोकप्रिय वेन्ना झील की ओर जाने वाले मार्ग, स्ट्रॉबेरी के बाग और गोल्फ कोर्स सभी बर्फ से आच्छादित नजर आ रहे हैं, जिससे पर्यटक और यहां के निवासी रोमांचित नजर आए। कुछ जगहों पर इतनी बर्फ जमी थी कि लोगों ने उसे खुरच कर गेंद बना ली और एक दूसरे पर फेंक कर मजा लिया। समुद्र तल से 1,435 मीटर की ऊंचाई पर स्थित महाबालेश्वर में इस तरह के मौसम का कई लोगों ने पहली बार सामना किया है।
इस बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में सर्दी बढ़ गई है। कई इलाके शीतलहर का सामना कर रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक या दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने का अनुमान जाहिर किया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, January 8, 2013, 23:15